चेन्नई और मुंबई के बीच आईपीएल मुक़ाबला अपने जिस हाई वोल्टेज रोमांच के लिए जाना जाता है गुरुवार को ठीक वैसा ही मैच हुआ। आईपीएल के मैच आते और जाते रहते हैं लेकिन कुछ मैच ऐसे हो जाते हैं जिसकी तस्वीर लंबे वक़्त तक लोगों के जेहन में ताज़ा रहत है। चेन्नई और मुंबई (CSKvsMI) के बीच गुरुवार को ठीक ऐसा ही मुक़ाबला हुआ।
वैसे तो मुंबई मैच के पहले ओवर में ही पिछड़ गई थी लेकिन बाद में उसने दमदार वापसी भी की। एक वक़्त तो ऐसा भी लगने लगा था कि मैच चेन्नई के हाथ से खिसक गया है लेकिन क्रिकेट के सबसे बड़े फिनिशर कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी का इरादा एक यादगार फिनिश करने का था।
अंबाति रायडू के आउट होने के बाद धोनी जब 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैदान में आए तो उनकी बैटिंग में तूफान से पहले वाली खामोशी थी। अंतिम 18 गेंदों पर जीत के लिए 42 रन चाहिए थे। धोनी ने पहले छह गेंदों पर केवल छह रन बनाए। सातवीं गेंद पर चौका जड़ा। फिर दो सिंगल्स लिए।
अब 12 गेंदों पर 28 रन चाहिए थे। इस ओवर में प्रिटोरियस ने दो चौके जड़े और 11 रन बने।
मैच आखिरी ओवर में पहुंचा। गेंदबाज़ी जयदेव उनदकट कर रहे थे और चेन्नई को जीत के लिए 6 गेंदों पर 17 रन बनाने थे। पहली गेंद पर प्रिटोरियस एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। ब्रैवो आए, दूसरी गेंद पर एक रन बनाए और स्ट्राइक धोनी को मिला। अब चार गेदों पर 16 रन बनाने थे।
धोनी ने पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ़ पर छक्का लगाया। उनदकट ने अगली गेंद बाउंसर दी जिसे धोनी ने पुल करते हुए फाइन लेग पर बाउंड्री से बाहर चार रन के लिए भेजा। अगली गेंद पर धोनी ने दो रन लिए।
इसके बाद आखिरी गेंद पर जीत के लिए चार रन बनाने थे। उनदकट ने लेग स्टंप्स पर यार्कर डाली। धोनी ने इसे फाइन लेग पर बाउंड्री से बाहर चार रन के लिए भेज दिया और इस तरह चेन्नई ने एक यादगार जीत हासिल कर ली।
20वें ओवर में धोनी
अंतिम चार गेंदों पर 16 रन बनाने का कारनामा धोनी ने पहली बार नहीं किया है। उन्होंने 2016 में पंजाब के ख़िलाफ़ भी अंतिम चार गेंदों पर 16 रन बनाए थे।
आईपीएल के 20वें ओवर में धोनी का स्ट्राइक रेट 244 का रहा है। वे 20वें ओवर में अब तक 51 छक्के लगा चुके हैं। उनका ओवरऑल रिकॉर्ड 227 मैचों में 223 छक्कों का है। सर्वाधिक छक्कों के मामले में क्रिस गेल (355 छक्के), एबी डिविलियर्स (250 छक्के) और रोहित शर्मा (233 छक्के) धोनी से आगे हैं।
जीत के बाद कप्तान रवींद्र जडेजा ने झुक कर धोनी का अभिवादन किया।
धोनी के इस शानदार प्रदर्शन पर पूर्व क्रिकेटरों समेत सोशल मीडिया पर लोगों ने तारीफ़ों के पुल बांधे।