कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कन्याकुमारी में एक मेगा रैली से अपनी 3,570 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत कर दी है।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने पिता और भारत के पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल गांधी ने राजीव गांधी की समाधि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहाः मैंने नफ़रत और विभाजन की राजनीति के कारण अपने पिता को खो दिया। मैं अब अपने देश को नहीं खो सकता। घृणा पर प्रेम की विजय होगी। हम सब मिलकर जीत हासिल करेंगे।
तटीय शहर कन्याकुमारी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो यात्रा की भव्य तैयारियां की हैं। शहर भर में कई स्थानों में पोस्टर लगे हैं, जिनमें तमिल भाषा में राहुल गांधी आपका स्वागत है और भारत जोड़ो यात्रा लिखा है। महात्मा गांधी मंडपम तक के रास्तों को झंडे व रंग-बिरंगे काग़ज़ों से सजाया गया है।
दर असल, भारत जोड़ो यात्रा 2024 के आम चुनाव से पहले लोगों में सत्ताधारी पार्टी बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों के प्रति जागरूकता पैदा करने और कांग्रेस पार्टी को मज़बूत करने के लिए एक जन आंदोलन है। इस भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मार्च, रैलियां और जनसभाएं भी होंगी, जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।