दूसरी गेंद पर धोनी ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद अगली गेंद पर धोनी ने फिर छक्का लगाया। अगली दो गेंदों पर केवल एक रन बने। आख़िरी गेंद पर पांच रन बनाने थे। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 3 रन से मैच हार गई।
मैच के बाद संदीप शर्मा ने ट्वीट किया, "200 आईपीएल मैचों के लिए धोनी पाजी को बधाई हो। उनके साथ मैदान साझा करना और गेंदबाज़ी करना सम्मान की बात है।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने आठ विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने छह विकेट पर 172 रन बनाए और अर्से बाद चेपक के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के हाथों हार गई।
टॉस जीतने से लेकर एक तिहाई मैच पर धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स की पकड़ मजबूत थी। लेकिन राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने जिस चतुराई से अपने गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया उसने चेन्नई के मध्यक्रम के बल्लेबाज़ों के लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया और वो एक-एक कर पवेलियन लौटते गए।
संजू सैमसन ने अपनी कप्तानी की चतुराई 10वें ओवर से 17वें ओवर के बीच दिखाई। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की हार के बाद हरभजन सिंह जैसे पूर्व क्रिकेटर ने यह भी सवाल उठाया कि धोनी जबकि फ़ॉर्म में चल रहे हैं, क्या उन्हें बल्लेबाज़ी क्रम में और ऊपर नहीं आना चाहिए था?
आठ ओवरों में पलट दी बाज़ी
चेन्नई सुपर किंग्स ने 9 ओवरों तक एक विकेट पर 76 रन बना लिए थे। पिच पर डेवन कॉनवे 35 रन और अजिंक्य रहाणे 30 रनों के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर डटे थे।
यहां राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने बहुत चतुराई से अपने गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया।
10वां ओवर उन्होंने रविचंद्रन अश्विन को दिया। अश्विन ने इस ओवर में केवल चार रन देकर रहाणे का विकेट चटका दिया।
11वें ओवर में कुलदीप सेन ने केवल छह रन बनने दिए।
12वें ओवर में अश्विन ने शिवम दुबे को चलता किया और केवल 7 रन खर्चे।
13वें ओवर में संजू ने अश्विन के छोर से गेंद युजवेंद्र को थमाई. इस ओवर में केवल पांच रन ही बने।
14वें ओवर में गेंद एडम जैम्पा के हाथों में दी गई और उन्होंने ने मोइन अली का विकेट ले लिया. इस ओवर में केवल 5 रन बने।
15वें ओवर में चहल ने पहले रायुडू और फ़िर कॉनवे का विकेट झटक लिया।
अब पिच पर एक ओर धोनी तो दूसरी तरफ़ जडेजा थे।
16वां ओवर डालने अश्विन आए. इन दो बल्लेबाज़ों की मौजूदगी के बावजूद उन्होंने केवल चार रन ही बनने दिए।
वहीं 17वें ओवर में चहल ने केवल पांच रन बनने दिए।
यानी 10वें से 17वें ओवर के इन आठ ओवरों की 48 गेंदों पर चेन्नई सुपर किंग्स के मध्यक्रम के पांच बल्लेबाज़ आउट हुए और केवल 47 रन बने।
9वें ओवर की समाप्ति पर जो जवाबी नेट रन रेट 9.09 का था वो ओवर दर ओवर बढ़ते हुए 18वें ओवर की शुरुआत में 18.00 पर पहुंच गया।