सचिन ने वनडे में सात बार एक कैलेंडर ईयर में हजार रन पूरे किए थे। वहीं, कोहली आठ बार के साथ सचिन से आगे निकल गए हैं। विराट ने मैच में वनडे करियर का 70वां अर्धशतक भी लगाया।
सचिन ने 1994, 1996, 1997, 1998, 2000, 2003 और 2007 में वनडे में हजार रन से ज्यादा बनाए थे। वहीं, कोहली ने 2011, 2012, 2014, 2017, 2018, 2019 और अब 2023 में वनडे में हजार रन से ज्यादा बनाए हैं। इस साल कोहली ने अब तक 23 वनडे मैचों में 20 पारियां खेली हैं और हजार से ज्यादा रन बना लिए हैं। इसमें चार शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। संगकारा छह बार के साथ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
कोहली ने 50 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 70वां अर्धशतक रहा। वहीं, इस विश्व कप में उनका यह पांचवां 50+ का स्कोर रहा। इस पारी से पहले तक उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट ने 85, अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 55, बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 103, न्यूजीलैंड के खिलाफ 95 रन की पारी खेली थी। विराट का यह चौथा वनडे विश्व कप है और वह 13 बार 50+ का स्कोर कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 33* पारी खेली हैं। श्रीलंका के खिलाफ 33वीं पारी है। विराट ने विश्व कप में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर के मामले में श्रीलंका के कुमार संगकारा और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया।