कनाडा में भारतीय दूतावास की वीज़ा सर्विस पर लगाई गई रोक
कनाडा और भारत के बिगड़ते रिश्तों के बीच कनाडा में भारतीय दूतावास ने फिलहाल वीज़ा सेवाओं पर रोक लगा दी है। कहा गया है कि ऑपरेशनल वजहों से फिलहाल ये सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं।
Table of Contents (Show / Hide)
![कनाडा में भारतीय दूतावास की वीज़ा सर्विस पर लगाई गई रोक](https://cdn.gtn24.com/files/india/posts/2023-09/thumbs/1695474054.webp)
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की ओर से खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंसियों पर शक जताने के बाद दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों देशों ने एक दूसरे के राजनयिकों को निकाल दिया है।
हालांकि ये बात अभी साफ़ नहीं हुई है कि दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों की वजह से ही वीज़ा सर्विस रोकी गई है। इसे लेकर कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों और यहां रह रहे उनके रिश्तेदारों में चिंता दिख रही है। भारत सरकार के इस फैसले का क्या असर होगा कनाडा में भारतीय दूतावास बीएलएस इंटरनेशनल के साथ मिल कर भारत से जुड़ी सर्विस मुहैया कराता है।
शुक्रवार को बीएलएस की वेबसाइट पर पोस्ट किए गए संदेश में कहा गया है, "ऑपरेशनल वजहों से 21 सितंबर, 2023 से अगले नोटिस तक भारत से जुड़ी वीज़ा सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं।
कनाडा में रहने वाले भारतीय छात्रों के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "हमने सावधानी बरतने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। हमारा वाणिज्य दूतावास वहां काम कर रहा है। हमने कहा है कि अगर उन्हें कोई समस्या आती है, तो वे हमारे वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें। हमारी वीज़ा पॉलिसी से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए क्योंकि वे भारत के नागरिक हैं।"
भारतीय दूतावास कितने प्रकार के वीज़ा देता है
कनाडा में मौजूद भारतीय दूतावास कई तरह के वीज़ा जारी करता है।
एंट्री वीज़ा: एंट्री वीज़ा भारतीय मूल के लोगों को दिया जाता है। भारतीय मूल के लोग इस वीज़ा पर एक बार कनाडा से भारत के बीच यात्रा कर सकते हैं।
बिज़नेस वीज़ा: बिज़नेस वीज़ा कनाडा और दूसरे देशों के उन नागरिकों को दिया जाता है, जिन्हें कनाडा में लंबे समय तक रहने की अनुमति मिली हुई है और वो कारोबार और इससे जुड़े काम से भारत की यात्रा करना चाहते हैं।
टूरिस्ट वीज़ा: टूरिस्ट वीज़ा उन कनाडाई लोगों को दिया जाता है जो भारत की यात्रा करना चाहते है। ऐसे लोगों को कई साल के लिए ये वीज़ा मिल सकता है।
रोज़गार वीज़ा: ये वीज़ा उन लोगों को मिलता है जो भारत में काम करना चाहते हैं। ये वीज़ा कनाडा और दूसरे देशों के उन नागरिकों को मिलता है, जिन्हें कनाडा में लंबे समय तक रहने की अनुमति मिली हुई है।
मेडिकल वीज़ा: मेडिकल वीज़ा उन लोगों को जारी किया जाता है जो इलाज के लिए भारत जाना चाहते हैं। ये मरीजों और उनके साथ उनकी देखभाल के लिए भारत जाने वाले लोगों को दिया जाता है। इस वीज़ा का इस्तेमाल कर तीन महीने तक भारत में रहा जा सकता है।
फ़िल्म वीज़ा: फ़िल्म वीज़ा उन लोगों को दिया जाता है जो भारत में रिसर्च वर्क करना चाहते हैं।
स्टूडेंट वीज़ा: स्टूडेंट वीज़ा उन लोगों को दिया जाता है, जो भारत में किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई करना चाहते हैं। ये मल्टीपल एंट्री वीज़ा होता है। पढ़ाई पूरी करने तक वो भारत में कई बार आ सकते हैं।
कॉन्फ्रेंस वीज़ा: कॉन्फ्रेंस वीज़ा उन लोगों को दिया जाता है जो भारत में किसी कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने के लिए जाना चाहते हैं। कॉन्फ्रेंस की अवधि के दौरान दिया जाना वाला ये सिंगल विजिट वीज़ा होता है।
कनाडा में वीज़ा सर्विस स्थगित होने से नौकरी, बिज़नेस या ट्रेड के लिए भारत आने के ख्वाहिशमंद लोगों को वीज़ा नहीं मिल पा रहा है। दरअसल, भारत से कनाडा जाकर बस गए वैसे लोग जिन्होंने वहां की नागरिकता ले ली है, को भारत आने के लिए वीज़ा की ज़रूरत पड़ती है।
भारत अपने यहां बार-बार आने के इच्छुक लोगों को ओवरसीज़ सिटिजन ऑफ इंडिया यानी ओसीआई कार्ड जारी करता है।
जिन भारतीयों के पास विदेशी नागरिकता होती है। उन्हें इस कार्ड के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत पड़ती है। जिन लोगो को ये मिला होता है वो जितनी बार चाहें भारत की यात्रा कर सकते हैं।
लेकिन जिन लोगों के पास ये कार्ड नहीं होता है उन्हें भारत की यात्रा करने के लिए अन्य विदेशी नागरिकों की तरह ही भारतीय वीज़ा की जरूरत होती है। यही वजह है कि वीज़ा सर्विस स्थगित होने से ऐसे लोगों को दिक्कतें आ रही हैं।