लुइसियाना के अधिकारियों ने देर रात एक नाइट क्लब में हुई फ़ायरिंग की जानकारी दी है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक़, इस गोलीबारी में 12 लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत काफ़ी गंभीर है। लुइसियाना के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में अमेरिका में यह गोलीबारी की दूसरी घटना है। इससे पहले लॉस एंजिल्स में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें 10 लोग मारे गए थे। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना देर रात 1.30 बजे डायोर बार एंड लाउंज में हुई। घटना के कारणों का पता भी अभी नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है
ग़ौरतलब है कि इससे पहले कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में गोलीबारी की घटना हुई थी. चीनी नववर्ष पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में 10 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 10 अन्य घायल हो गए थे। लॉस एंजिल्स टाइम्स ने बताया कि लॉस एंजिल्स के मॉन्टेरी पार्क में हुई इस गोलीबारी में पुलिस की जवाबी कार्यवाही के बाद कई लोग हताहत हो गए। मामले में आरोपी हमलावर अभी भी फरार है। लॉस एंजिल्स टाइम्स के मुताबिक़, गोलीबारी की यह घटना रात 10 बजे मोंटेरी पार्क में आयोजित एक चीनी चंद्र नववर्ष समारोह के स्थान के आसपास हुई। इस समारोह में दिन में हज़ारों की संख्या में लोग शामिल हुए थे।
अमेरिका में गन कल्चर ने इस देश के लोगों की जान को ख़तरे में डाल रखा है। लेकिन हथियार बनाने वाली बड़ी-बड़ी कंपनियों के दबाव की वजह से इस देश की किसी भी सरकार में इतना साहस नहीं है कि वह हथियारों के खुले आम कारोबार पर प्रतिबंध लगा सके। इस देश में कभी भी कहीं भी फायरिंग कर दी जाती है। राह चलते किसी को मार दिया जाता है। इस तरह की घटनाएं आम सी हो गई हैं। दूसरे देशों में एक छोटी से घटना हो जाने पर हाय तौबा मचाने वाली पश्चिमी मीडिया भी हमेशा अमेरिका में होने वाली गोलीबारी की घटनाओं पर चुप्पी साधे रहती है।