अगले हफ़्ते दिल्ली में होने जा रही जी-20 की अहम बैठक से पहले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और विश्व में भारत के प्रभाव से जुड़ी एक रिसर्च सामने आई है।
अमेरिकी थिंक टैंक 'प्यू रिसर्च सेंटर' के इस सर्वे में दावा किया गया है कि देश में रहने वाले तकरीबन 80 फीसदी भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सकारात्मक रवैया रखते हैं।
सीधे शब्दों में कहा जाए तो हर 10 में से 8 भारतीयों की पसंद प्रधानमंत्री मोदी हैं।
इनमें 55 फीसदी भारतीय ऐसे हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी पहली पसंद बताया है, वो उन्हें काफ़ी पसंद करते हैं। जबकि 20% आबादी पीएम मोदी को पसंद नहीं करती या वो उनकी पहली पसंद नहीं हैं।
पीएम मोदी पर दूसरे देश के नागरिकों को कितना भरोसा?
भारत के बाहर लोग प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कैसी राय रखते हैं? वो उन पर भरोसा करते हैं या नहीं? सर्वे में इस सवाल का जवाब भी विस्तार से मिलता है। दुनिया के 12 देशों के वयस्क नागरिकों से प्रधानमंत्री मोदी के संबंध में उनकी राय पूछी गई। रिपोर्ट के मुताबिक़ नागरिकों की राय मिली जुली आई।
वैश्विक मामलों में पीएम मोदी की कुशलता पर औसतन 40 प्रतिशत लोग भरोसा नहीं करते। वहीं 37 फीसदी का कहना है कि उन्हें थोड़ा बहुत भरोसा है।
ख़ासकर मेक्सिको और ब्राज़ील के नागरिक प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आलोचनात्मक रवैया रखते हैं। सर्वे में शामिल आधा से ज़्यादा नागरिकों का कहना है कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति से जुड़े फैसलों पर भरोसा नहीं है।
सर्वे के अनुसार अमेरिका के 37 फीसदी लोगों को पीएम मोदी पर भरोसा नहीं है। वहीं 21 प्रतिशत लोग उन पर भरोसा करते हैं।