कश्मीर का सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग कई फीट बर्फ से ढका हुआ है। एक ड्रोन फुटेज ने बर्फ से ढके इस इलाके की खूबसूरती को दिखाया है। पिछले 72 घंटों से तापमान शून्य से काफी नीचे बना हुआ है।
उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग स्कीइंग रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बर्फबारी के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट से दिन भर के लिए सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया। साथ ही बर्फबारी के कारण सड़कें फिसलन भरी है और इस कारण से यातायात की गति भी धीमी हो गई है। आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए सड़कों से बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है।
एक पर्यटक ने सोशल मीडिया द्वारा बताया, "हमारे पास ढेर सारी बर्फ है। हम इसका आनंद ले रहे हैं। यह आश्चर्यजनक है और हम कुछ और बर्फबारी की उम्मीद कर रहे हैं। इसलिए गुलमर्ग आएं और स्कीइंग का आनंद लें। यह शारीरिक फिटनेस के लिए एक अद्भुत खेल है।" साथ ही उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को यहां आने और स्की करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।
यह भी पढ़े : क्या है डोपामाइन जो आपके अच्छे या बुरे मूड को करता है प्रभावित!?
कश्मीर में बर्फ की ख़ुबसूरत यादें
श्रीनगर सहित कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में घाटी में मध्यम से भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के ऊपरी क्षेत्रों में तड़के बर्फबारी शुरू हुई, वहीं दिन चढ़ने के साथ घाटी के मैदानी इलाकों में भी बर्फबारी हुई।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। मोटर चालकों को फिसलन भरी सड़कों को देखते हुए सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है।
क्या है पहलगाम का तापमान
दक्षिण कश्मीर में पहलगाम पर्यटक स्थल का तापमान शून्य से नीचे 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।