केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में मन की बात @ 100 पर राष्ट्रीय सम्मेलन में एक स्मारक सिक्का जारी किया। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम का 100वां एपिसोड आगामी रविवार को प्रसारित किया जाएगा।
PM मोदी के 'मन की बात @ 100' पर राष्ट्रीय कॉन्क्लेव के समापन सत्र पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र के अंदर जनसंवाद के अनेक माध्यम होते हैं और मोदी जी ने आकाशवाणी को जनसंवाद को चुना। इससे आकाशवाणी युवा पीढ़ी तक पहुंचा। मैं बचपन से आकाशवाणी का बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैंने कई महत्वपूर्ण बातें आकाशवाणी पर सुनी हैं। बांग्लादेश पर भारत की विजय को मैंने आकाशवाणी पर सुना है। आपातकाल के बाद, एक तानाशाह के पराजय को सुबह 5 बजे आकाशवाणी के बुलेटिन पर सुना कि इंदिरा गांधी पराजित हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे लोकतंत्र में 2 बड़े योगदान किए हैं। एक, उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण से मुक्त किया है। दूसरा, उन्होंने पद्म पुरस्कारों का लोकतंत्रीकरण किया है। पहले पद्म पुरस्कार सिफारिश से मिलते थे। आज पद्म पुरस्कार छोटे से छोटे व्यक्ति लेकिन बड़ा योगदान करने वाले को दिया जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी हर चुनौती को अवसर में बदलते हैं: शाह
अमित शाह ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम की खूबी यह है कि नरेंद्र मोदी जैसे राजनीतिक व्यक्ति ने इसके 99 कड़ियों में एक भी राजनीतिक मुद्दे का जिक्र नहीं किया। लोकतंत्र में प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा योगदान जाति की राजनीति, भाई-भतीजावाद, तुष्टिकरण की समाप्ति और पद्म पुरस्कारों का लोकतंत्रीकरण करना है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम की आधे घंटे की कड़ी करोड़ों लोगों को राष्ट्र के प्रति योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री मोदी हर चुनौती को अवसर में बदलते हैं।