तालिबान के उच्च शिक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस नोटिस की पुष्टि की है, जिसमें सरकारी और ग़ैर-सरकारी विश्वविद्यालयों से कहा गया है कि कैबिनेट के फ़ैसले के मुताबिक़, तुरंत रूप से महिला छात्रों के विश्वविद्यालयों में प्रवेश को रोक दिया जाए।
उच्च शिक्षा मंत्री नेदा मोहम्मद नदीम द्वारा हस्ताक्षरित सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों के लिए जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि आप सभी को अगली सूचना तक महिलाओं की शिक्षा को निलंबित करने के आदेश को तुरंत लागू करने के लिए सूचित किया जाता है।
ग़ौरतलब है कि अफ़ग़ानिस्तान में लड़कियों के लिए पहले ही स्कूली शिक्षा पर रोक लगा दी गई थी। अब उनके लिए उच्च शिक्षा को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। तीन महीनें पहले ही अफ़गानिस्तान में लड़कियों ने विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा दी थी।
उसी दौरान काबुल स्थित शिया हज़ारा मुसलमानों के एक एजुकेशन इंस्टीट्यूट काज पर भंयकर आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें दर्जनों छात्राओं की मौत हो गई थी।
पिछले साल अफ़गानिस्तान में तालिबान के शासन के बाद विश्वविद्यालयों में छात्र और छात्राओं के आने के लिए अलग-अलग प्रवेश और पढ़ने के लिए अलग-अलग कमरों की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद, अब तालिबान ने लड़कियों की शिक्षा पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है।
तालिबान के इस फ़ैसले की मानवाधिकार संगठन और महिला संगठन कड़ी निंदा कर रहे हैं।