हैदराबाद में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है जिसमें अब तक दो नाबालिगों सहित कुल तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।
हैदराबाद पुलिस ने तीन जून को मीडिया को इस मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया था कि गैंगरेप का यह मामला 28 मई का है। जिसमें पांच अभियुक्तों ने एक कार में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किया।
मीडिया से जानकारी साझा करते हुए पुलिस ने बताया था कि इस मामले के पांच अभियुक्तों की पहचान की गई है और उनमें से तीन नाबालिग हैं जबकि दो बालिग हैं।
पुलिस अब तक तीन लोगों को गिरफ़्तार कर चुकी है जबकि अन्य अभियुक्तों की तलाश कर रही है। पुलिस ने भरोसा जताया था कि 48 घंटों के भीतर वह सभी अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लेगी।
जिस कार में गैंगरेप हुआ, उस कार का रजिस्ट्रेशन नंबर टेंपररी (अस्थाई) है। हालांकि अभी तक कार की शिनाख़्त नहीं हो सकी है।
लड़की ने अपने बयान में क्या कहा
पीड़ित लड़की के बयान और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताया कि अभियुक्त नशे में नहीं थे।
पुलिस ने बताया कि 28 मई की रात को लड़की के कुछ दोस्तों ने जुबली हिल्स में 'एम्नेशिया एंड इन्सोमेनिया' नाम के एक पब में पार्टी दी थी। पीड़ित लड़की इसी पार्टी में शामिल होने के लिए गई हुई थी। क्लब का दावा है कि वह एक नॉन-एल्कोहॉलिक पार्टी (जिसमें शराब की व्यवस्था नहीं थी) थी।
शाम क़रीब पांच-साढ़े पांच बजे पीड़ित लड़की और अभियुक्त लड़कों का ये ग्रुप पब के बाहर निकला। इस ग्रुप के लड़कों ने लड़की को उसके घर तक ड्रॉप करने का ऑफ़र दिया।
इसके बाद पीड़ित लड़की अभियुक्तों के साथ, उनकी कार से ही एक पेस्ट्री की दुकान पर भी गई। उसके बाद अभियुक्त लड़की को एक जगह ले गए, जहां उसके बाद उन्होंने कार में उसके साथ गैंगरेप किया।
सोर्स : बीबीसी