शरीर को स्वस्थ रखने और रोगों के जोखिमों से बचाने में हमारी इम्युनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता की विशेष भूमिका होती है। जिन लोगों की इम्युनिटी कमजोर होती है वह अधिक बीमार पड़ते हैं, संक्रामक बीमारियों का जोखिम भी अधिक होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इम्युनिटी का बनना सतत प्रक्रिया है यानी कि इसके लिए आपको लगातार प्रयास करते रहने की आवश्यकता होती है। इसमें पौष्टिक आहार की विशेष भूमिका होती है।
हालांकि आहार में अगर गड़बड़ी है या फिर आप कुछ ऐसी चीजें खा रहे हैं जिसे नुकसानदायक माना जाता है तो इससे आपकी इम्युनिटी भी कमजोर हो सकती है। स्वस्थ और स्वच्छ आहार के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हर साल 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस मनाया जाता है।
लखनऊ स्थित आहार विशेषज्ञ प्रज्ञा तंवर से समझते हैं कि आखिर आहार की किन चीजों से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है?
अधिक चीनी-मीठे पेय हो सकते हैं हानिकारक
यदि आपको मीठा खाना अधिक पसंद है तो यह आदत सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है। ज्यादा मीठी चीजें, मीठा पेय जैसे कोल्ड ड्रिंक्स या फिर एडेड शुगर वाली चीजें शरीर को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकती हैं। समय के साथ इससे प्रतिरक्षा प्रणाली में कमजोरी का भी जोखिम रहता है।
इसे समझने के लिए किए गए एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि फ्रुक्टोज (चीनी का तत्व) का अधिक सेवन आंत के माइक्रोबायोटा के लिए नुकसानदायक हो सकता है, साथ ही यह शरीर में इंफ्लामेशन के जोखिमों को भी बढ़ा देता है।
नमक की अधिकता भी नुकसानदायक
अगर आपके आहार में नमक या ऐसी चीजें हैं जिनमें नमक की मात्रा अधिक होती है, तो इससे शरीर को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं। इसका सबसे बड़ा दुष्प्रभाव ब्लड प्रेशर बढ़ना है जिसे हृदय रोगों का प्रमुख कारक माना जाता है।
अध्ययनकर्ता बताते हैं, अधिक मात्रा में नमक का सेवन करने से शरीर में इंफ्लामेशन बढ़ने लगता है जिससे इम्युनिटी को नुकसान पहुंचता है। स्वस्थ लोगों को दिन में 1500 मिलीग्राम से अधिक मात्रा में नमक न खाने की सलाह दी जाती है।