गांगुली ने विराट कोहली का समर्थन किया है और कहा है कि वह जल्द फॉर्म में लौटेंगे। गांगुली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली ने खूब रन बनाए हैं। यह बिना क्वालिटी के नहीं हो सकता।
गांगुली ने लंदन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली ने खूब रन बनाए हैं। उनके आंकड़े खुद ही जवाब देते हैं। यह बिना क्षमता और गुणवत्ता के नहीं हो सकता। हां, पिछला कुछ समय उनके लिए कठिन रहा है और वह खुद यह बात जानते हैं। विराट भारत के लिए एक महान खिलाड़ी रहे हैं।
यह भी पढ़े : आज से सावन का महीना शुरू, जानिए सावन के महीने से जुड़ी सभी खास बातें
विराट कोहली में वापसी का दम
गांगुली ने कहा- विराट खुद जानते हैं कि पिछले कुछ समय से वह रन नहीं बना पाए हैं, जो कि उनका स्टैंडर्ड नहीं है। मैं उन्हें वापसी करता हुआ देखता हूं और वह जरूर फिर से खूब रन बनाएंगे। फिर से फॉर्म में वापसी के लिए विराट को एक ऐसा रास्ता खोजना होगा जो उन्हें सफल बना सके, जैसा कि वह पिछले 12-13 वर्षों से करते रहे हैं। केवल विराट कोहली ही ऐसा कर सकते हैं।
''कई दिग्गजों के साथ हो चुका है ऐसा''
गांगुली ने कहा- खेल में ये चीजें होंगी। यह पिछले कई महान क्रिकेटरों के साथ भी हुआ है। चाहे वह सचिन तेंदुलकर हों, राहुल द्रविड़ हों या मैं, सब ऐसे दौर से गुजर चुके हैं। यह भविष्य में कई और खिलाड़ियों के साथ भी निश्चित तौर पर होगा। यह खेल का हिस्सा है। एक खिलाड़ी के तौर पर इन सबके बारे में नहीं सोचना है और अपना स्वभाविक खेल खेलते रहना है।
ब्रिटिश संसद में किया गया सम्मानित
गांगुली को लंदन में ब्रिटिश संसद द्वारा सम्मानित भी किया गया है। इसको लेकर उन्होंने कहा- मुझे ब्रिटिश संसद द्वारा एक बंगाली के रूप में सम्मानित किया गया। इसलिए यह एक अच्छा एहसास है। यह कार्यक्रम संसद में था। उन्होंने छह महीने पहले मुझसे संपर्क किया था। वे यह पुरस्कार हर साल देते हैं और इस बार मुझे यह मिला।
कोरोना के दौरान आई चुनौतियों पर जवाब
कोरोना के दौरान चुनौतियों के सवाल पर गांगुली ने कहा- यह चुनौतीपूर्ण था क्योंकि इससे पहले किसी ने भी कोविड को नहीं देखा था। इसने दुनिया को रोक दिया था, लेकिन हम क्रिकेट को आगे बढ़ाने में कामयाब रहे। जैसा कि आप जानते हैं कि प्रसारण अधिकार के लिए किस तरह की लड़ाई हुई। हम इससे खुश हैं।
भारतीय क्रिकेट मजबूत स्थिति में
गांगुली ने कहा- मैं कभी भी खेल के साथ पैसे की बराबरी नहीं करता, लेकिन पैसा होना अच्छा है। इससे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलती है। भारतीय क्रिकेट मजबूत स्थिति में है। जब मेरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा तो कोई और आकर भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाएगा। यह खिलाड़ी और प्रशासक हैं जो खेल को आगे बढ़ाते हैं।
सोर्स