देश की सबसे प्रमुख और प्रसिद्ध अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू हो रही है। यात्रा 30 अगस्त रक्षाबंधन तक की जा सकती है। अमरनाथ यात्रा के लिए 17 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। । सरकार ने यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाने का मेन्यू जारी किया है। इस मेन्यू के तहत भक्त यात्रा के दौरान क्या खा सकते हैं और क्या नहीं खा सकते हैं, इसके लिए नियम जारी किए गए हैं। यात्रा गाइडलाइन में जंक फूड पर पाबंदी लगा दी गई है। दर्जनों चीजों को यात्रा के दौरान भक्तगण अपने साथ नहीं ले जा सकते हैं
अमरनाथ यात्रा के लिए गाइडलाइन
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए सरकार ने गाइडलाइन में उम्र सीमा तय कर दी है। यात्रा के दौरान बच्चे और बुजुर्गों की उम्र की जांच के बाद ही दर्शन की अनुमति दी जाएगी। गाइडलाइन के मुताबिक, 13 साल से कम उम्र के बच्चे अमरनाथ यात्रा में हिस्सा नहीं ले सकते हैं। वहीं 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग भी यात्रा पर नहीं जा सकते हैं।
अमरनाथ यात्रा में इन चीजों पर पाबंदी
सरकार की गाइडलाइन में जिन चीजों पर प्रतिबंध लगाया गया है, उसमें कोल्ड ड्रिंक, कुरकुरे स्नैक्स, डीप फ्राई और फास्ट फूड, जलेबी और हलवा, मिठाइयां व पूरियां, छोले-भटूरे आदि चीजों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा पिज्जा, बर्गर, पेस्ट्री और पेटीज जैसी चीजों खाते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई की जा सकती है।
क्या सामान ले जा सकते हैं यात्री
अमरनाथ यात्रा पर जा रहे भक्तगण सामान में हर्बल टी, नींबू स्नैक्स, सब्जियां, कॉफी, कम वसा वाला भोजन, फल, जूस, सूप और दूध जैसे पेय पदार्थ ले जा सकते हैं। यात्रा के दौरान भक्तजनों को पोहा, उत्तपम, इडली, दाल-रोटी और चॉकलेट आदि खाने की अनुमति है। तीर्थयात्री खीर, सूखे मेवे, शहद का सेवन भी कर सकते हैं।
अमरनाथ यात्रा में जंक फूड पर प्रतिबंध क्यों?
दरअसल, पिछले वर्ष अमरनाथ यात्रा 2022 के दौरान लगभग 42 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी। तीर्थयात्रियों की मौत का कारण खान-पान बताया गया। ऐसे में यात्रियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। नियम के तहत यात्रा क्षेत्र में आने वाले लंगर, फूड स्टॉल और दुकानों पर भी इन खाद्य सामग्रियों पर रोक रहेगी।